Loading...

Government Decision: आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज में 2026-27 से शुरू होगा रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी कोर्स

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Hours Ago • 1 Min Read

Government Decision: हिमाचल सरकार ने आईजीएमसी शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होने वाले इस पाठ्यक्रम में प्रत्येक संस्थान की वार्षिक प्रवेश क्षमता 30 सीटों की होगी। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश में विशेष स्वास्थ्य शिक्षा का विस्तार होने के साथ प्रशिक्षित तकनीकी पेशेवरों की उपलब्धता बढ़ेगी।

शिमला

आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में वर्तमान समय में रेडियोलॉजी, एनेस्थीसिया, लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी और डायलिसिस टेक्नोलॉजी से जुड़े एलाइड एवं हेल्थकेयर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। नए रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम से विशेष चिकित्सा क्षेत्रों के लिए तकनीकी कार्यबल तैयार करने की क्षमता बढ़ेगी। इससे विद्यार्थियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण के अधिक अवसर प्रदेश में ही उपलब्ध होंगे और उन्हें ऐसे पाठ्यक्रमों के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।

राज्य सरकार ने वर्ष 2025 में भी दोनों चिकित्सा महाविद्यालयों के विभिन्न एलाइड हेल्थकेयर पाठ्यक्रमों की सीटें बढ़ाई थीं। आईजीएमसी शिमला में बीएससी मेडिकल लेबोरेटरी तकनीक, बीएससी रेडियो एंड इमेजिंग और बीएससी एनेस्थीसिया एंड ओटी तकनीक की सीटें 10 से बढ़ाकर 50-50 की गईं। टांडा मेडिकल कॉलेज में बीएससी मेडिकल लेबोरेटरी तकनीक, बीएससी रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग तथा बीएससी एनेस्थीसिया और ओटी तकनीक की सीटें 18 से बढ़ाकर 50-50 की गईं।

हमीरपुर में 330 सीटों का नया महाविद्यालय

सरकार ने हमीरपुर में एलाइड एवं स्वास्थ्य सेवा महाविद्यालय स्थापित करने का भी निर्णय लिया है। इस संस्थान में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की कुल 330 सीटें होंगी। बीएससी लेबोरेटरी साइंसेज, बीएससी रेडियोलॉजी, बीएससी एनेस्थीसिया, बीएससी ऑप्टोमेट्री और बीएससी फिजियोथेरेपी में 60-60 सीटें रखी जाएंगी, जबकि डायलिसिस टेक्नीशियन पाठ्यक्रम में 30 सीटें होंगी। संस्थान के संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण खरीदने को 6.87 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय भी लिया गया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि एलाइड एवं हेल्थकेयर शिक्षा को मजबूत करना आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था और चिकित्सा पेशेवरों को सहयोग देने के लिए आवश्यक है। उनके अनुसार हमीरपुर में नए महाविद्यालय और आईजीएमसी शिमला व टांडा मेडिकल कॉलेज में रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू होने से विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण के अवसर बढ़ेंगे। सरकार चिकित्सा शिक्षा की बुनियादी अधोसंरचना को मजबूत करने और लोगों को घर के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में काम कर रही है।