हादसा: भानुपल्ली-बैरी रेललाइन के पिल्लर से गिरकर 20 वर्षीय श्रमिक की मौत, पांच पर मामला दर्ज
हादसा: बिलासपुर जिले में भानुपल्ली-बैरी रेललाइन के पुल निर्माण कार्य के दौरान पिल्लर से गिरने पर 20 वर्षीय श्रमिक एलेक्स विलुंग की मौत हो गई। साथी श्रमिकों ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि काम के समय उसके पास हेलमेट और सुरक्षा बेल्ट नहीं थी। पुलिस ने निर्माण कंपनी के प्रबंधन और सुपरवाइजर स्तर के पांच अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
बिलासपुर
जानकारी के अनुसार, थाना कोट कहलूर क्षेत्र में भानुपल्ली-बैरी रेललाइन के तहत रेलवे पुल का निर्माण चल रहा है। झारखंड के सिमडेगा जिले के रहने वाले एलेक्स विलुंग पुत्र अनसलेम विलुंग पिल्लर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप
निर्माण कार्य में लगे अन्य श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय एलेक्स के पास न तो हेलमेट था और न ही सुरक्षा बेल्ट। उनका आरोप है कि जोखिम वाले निर्माण कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का उचित पालन नहीं किया जा रहा था। ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट और सुरक्षा नेट जैसे जरूरी इंतजाम होने चाहिए, लेकिन निर्माण स्थल पर इन व्यवस्थाओं की अनदेखी की जा रही थी।
साथी श्रमिकों के बयानों के आधार पर पुलिस ने निर्माण कंपनी के प्रबंधन और सुपरवाइजर स्तर के पांच अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा में बरती गई कथित लापरवाही की जांच की जा रही है। जांच में दोष साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।