Loading...

हादसा: हमीरपुर के जाहू में 132 केवी लाइन के प्रभाव से दो किशोर झुलसे, एक पीजीआई रेफर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा: हमीरपुर जिले के जाहू में शनिवार देर शाम 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन के प्रभाव में आने से 17 वर्षीय दो किशोर झुलस गए। इनमें गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जबकि कम झुलसे सुखदेव को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जाहू

जानकारी के अनुसार पंजाब निवासी गुरप्रीत और उत्तर प्रदेश निवासी सुखदेव शाम के समय टहलने निकले थे। दोनों सुनहेल खड्ड के किनारे भू-कटाव रोकने के लिए लगाए गए सपार के ऊपर से गुजर रहे थे। इसी स्थान के ठीक ऊपर से 132 केवी की हाई वोल्टेज बिजली की तारें गुजरती हैं। बताया गया है कि दोनों ने तारों को सीधे नहीं छुआ था, लेकिन हाई वोल्टेज लाइन के प्रभाव के कारण वे अचानक करंट की चपेट में आकर झुलस गए और नीचे गिर पड़े।

घटना के बाद क्षेत्र की बिजली बंद हो गई। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए बलद्वाड़ा अस्पताल पहुंचाया। कम झुलसे सुखदेव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गुरप्रीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भी सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका।

जाहू पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किशोर किस तरह हाई वोल्टेज लाइन के प्रभाव में आए। घटना के बाद संबंधित स्थान और वहां से गुजर रही बिजली की तारों को लेकर भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Topics: