Loading...

हादसा / गेहूं की बिजाई के दौरान खेत में पलटा ट्रैक्टर, 58 वर्षीय चालक मदन चंद की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा / हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल की जजरी पंचायत में गेहूं की बिजाई करते समय ट्रैक्टर पलटने से 58 वर्षीय चालक मदन चंद की मौत हो गई। वह वीरवार देर शाम खेत में अकेले काम करने गए थे। ट्रैक्टर के नीचे दबे होने के कारण रातभर हादसे का पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में पलटा ट्रैक्टर देखा और पुलिस को सूचना दी।

हमीरपुर/बड़सर/जजरी

मृतक की पहचान जजरी निवासी मदन चंद पुत्र आत्माराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह वीरवार देर शाम गेहूं की बिजाई के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन मोबाइल वाइब्रेशन मोड पर होने के कारण उन्हें घंटी सुनाई नहीं दी। परिजन रातभर उनके घर लौटने का इंतजार करने के साथ उनकी तलाश भी करते रहे।

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में ट्रैक्टर पलटा हुआ देखा, जिसके बाद हादसे की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचायत प्रधान अमित ढटवालियां ने बताया कि मदन चंद अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Topics: •