FIR / ईमेल में बैंक विवरण बदलकर छह वन निगम कर्मियों का वेतन दूसरे खातों में भेजा
FIR / धर्मशाला स्थित राज्य वन विकास निगम के वन कार्य मंडल में छह कर्मचारियों के सितंबर के वेतन के करीब साढ़े तीन लाख रुपये दूसरे बैंक खातों में जमा होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में ईमेल से भेजी गई वेतन सूची में कर्मचारियों के बैंक खाते और आईएफएससी कोड बदले मिले हैं। मंडलीय प्रबंधक की शिकायत पर धर्मशाला पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मशाला
वन निगम के मंडलीय प्रबंधक अजय सिंह मीणा ने पुलिस को बताया कि 53 कर्मचारियों के सितंबर के वेतन भुगतान के लिए 19,87,958 रुपये का चेक जारी किया गया था। चेक 30 सितंबर को तैयार किया गया और एक अक्तूबर की सुबह कर्मचारियों के बैंक खातों का विवरण आधिकारिक हस्ताक्षर तथा मुहर के साथ बैंक को भेजा गया। इसी दिन सुबह 11:20 बजे ईमेल के माध्यम से भी खातों की सूची भेजी गई थी। शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे बैंक ने ईमेल नहीं मिलने की सूचना दी।
इसके बाद लेखा शाखा के कंप्यूटर से सूची दोबारा ईमेल की गई। बैंक को शाम चार बजे के बाद तीन ईमेल प्राप्त हुईं। निगम की मूल सूची में सभी कर्मचारियों के बैंक खाते सही थे, लेकिन बैंक को मिली ईमेल में छह कर्मचारियों के खाते और आईएफएससी कोड बदले हुए पाए गए। कार्यालय की ईमेल में मिले एक संदेश के साथ संलग्न सूची में भी बैंक विवरण बदले थे। इस ईमेल का तकनीकी पता निगम की ओर से बैंक को भेजी गई मूल ईमेल से अलग पाया गया।
पुलिस को वन निगम की शिकायत 12 अक्तूबर को मिली थी। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईमेल में कर्मचारियों के बैंक खातों का विवरण किसने बदला और वेतन की राशि किन खातों में जमा हुई। प्रारंभिक स्तर पर निगम की आधिकारिक ईमेल हैक किए जाने की आशंका जताई गई है।