Loading...

हादसा : असम में करंट लगने से ज्वाली के बीएसएफ जवान सर्वजीत का निधन, आठ माह बाद थी सेवानिवृत्ति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 51 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत जरपाल निवासी बीएसएफ जवान सर्वजीत का असम में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से निधन हो गया। घटना 3 सितम्बर की सुबह उस समय हुई, जब वह नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद नहाने गए थे। करंट की चपेट में आने के बाद उन्हें सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

ज्वाली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 59 वर्षीय सर्वजीत सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत थे और असम के कूचबिहार क्षेत्र में तैनात थे। नहाते समय अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत हो गए। वहां मौजूद साथी जवान उन्हें तत्काल नजदीकी सैन्य अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद उनके पैतृक गांव जरपाल और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

27 अप्रैल 2027 को होनी थी सेवानिवृत्ति

सर्वजीत की बीएसएफ से सेवानिवृत्ति 27 अप्रैल 2027 को होनी थी और परिवार उनके घर लौटने की तैयारी कर रहा था। उनके निधन की सूचना से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। परिवार में उनके 88 वर्षीय पिता, पत्नी और तीन बेटे हैं। ग्राम पंचायत जरपाल के उपप्रधान प्रमोद सिंह पठानिया ने निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए सर्वजीत को मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और हंसमुख स्वभाव का व्यक्ति बताया। उन्होंने इसे पंचायत और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति कहा।

परिजनों के अनुसार, बीएसएफ जवान सर्वजीत का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह करीब नौ बजे उनके पैतृक गांव जरपाल पहुंचने की संभावना है। गांव पहुंचने के बाद उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी और अंतिम संस्कार किया जाएगा। जवान के निधन की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त किया है। गांव में पार्थिव शरीर पहुंचने और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

Related Topics: