Loading...

हादसा: करसोग में गहरी खाई में गिरने से वार्ड सदस्य सोम कृष्ण की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Sep 2026 • 1 Min Read

हादसा: मंडी जिले की करसोग तहसील के नेहल गांव में गहरी खाई में गिरने से ग्राम पंचायत ताबण के चेवरी वार्ड नंबर चार के सदस्य सोम कृष्ण की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंडी/करसोग

जानकारी के अनुसार, नेहल गांव निवासी 46 वर्षीय सोम कृष्ण रविवार शाम फसलों को नुकसान पहुंचा रहे बंदरों को भगाने के लिए अपने खेतों की ओर गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार को उनका शव नेहल नाला में ढांक से नीचे गहरी खाई में पड़ा मिला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं, हालांकि परिजनों ने किसी तरह का शक नहीं जताया है। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Related Topics: •