हादसा: मशोर में भरभराकर गिरा जयचंद शर्मा का मकान, खेतों में था परिवार
हादसा: सिरमौर जिले के विकास खंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत घंडोरी के मशोर गांव में शुक्रवार सुबह जयचंद शर्मा का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय जयचंद शर्मा और उनका परिवार खेतों में था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। पंचायत प्रधान और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को जल्द आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
सिरमौर/संगड़ाह
जानकारी के अनुसार, जयचंद शर्मा शुक्रवार सुबह अपने परिवार के साथ खेतों में गए थे। इसी दौरान उनका मकान अचानक गिर गया। घटना का पता हरि दत्त शर्मा को उस समय चला, जब वह अपने ओबरे की ओर जा रहे थे। उन्होंने मकान को गिरा हुआ देखा और तुरंत जयचंद शर्मा को फोन कर इसकी सूचना दी। परिवार के किसी सदस्य के घर में मौजूद नहीं होने के कारण घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मकान गिरने की सूचना मिलने के बाद संबंधित पटवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नुकसान का आकलन कर इसकी रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेज दी है। ग्राम पंचायत घंडोरी की प्रधान नीलम कंवर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है और प्रभावित परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
मकान गिरने से जयचंद शर्मा के परिवार को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार की स्थिति को देखते हुए शीघ्र आर्थिक सहायता के साथ अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। पंचायत स्तर पर भी प्रभावित परिवार को सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन को भेजी गई नुकसान की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
