Loading...

हादसा: पांवटा साहिब के निहालगढ़ में बरसाती कुंड में डूबने से दो बच्चों की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित निहालगढ़ क्षेत्र में रविवार को बरसाती पानी से भरे गहरे कुंड में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने गए थे। पानी गहरा होने के कारण वे डूब गए। एक बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जबकि दूसरे बच्चे का शव पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश अभियान के बाद बाहर निकाला।

पांवटा साहिब

मृत बच्चों की पहचान नौ वर्षीय जाबिर पुत्र अनवर और आठ वर्षीय सत्यम पुत्र सिकंदर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों के साथ जी लेबोरेट कंपनी के पीछे बहने वाली बरसाती खड्ड में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से दोनों अचानक डूब गए। शाम करीब पांच बजे एक बच्चे को बेसुध अवस्था में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरा बच्चा देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुरुवाला पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की। रात के अंधेरे में भी अभियान जारी रहा, जिसके बाद दूसरे बच्चे का शव खड्ड से बाहर निकाला गया। स्थानीय गोताखोर प्रदीप, शिवा, महेश, मनीष, अमित और लक्ष्य ने खड्ड में उतरकर तलाश अभियान चलाया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Topics: