हादसा: रंगस में बरगद का बड़ा हिस्सा वैन पर गिरा, चालक बाल-बाल बचा
हादसा: हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के रंगस क्षेत्र में राशन लेने आए लोगों की खड़ी वैन पर बरगद का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। इससे वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसके अंदर बैठा चालक बाल-बाल बच गया। पेड़ का हिस्सा वाहन के पिछले भाग पर गिरा था और चालक आगे की सीट पर बैठा हुआ था।
हमीरपुर/नादौन
जानकारी के अनुसार, बन गांव के मनोहर अली की वैन में सवार लोग राशन डिपो से राशन लेने के लिए रंगस पहुंचे थे। वैन से उतरने के बाद लोग डिपो में चले गए और वाहन को बरगद के पेड़ के नीचे खड़ा कर दिया गया। इस दौरान चालक वैन के अंदर बैठकर लोगों के लौटने का इंतजार कर रहा था।
इसी बीच बरगद का बड़ा हिस्सा टूटकर वैन के पिछले भाग पर जा गिरा। पेड़ गिरने से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन आगे बैठे चालक को कोई चोट नहीं लगी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घटना में चालक सुरक्षित रहा, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।