हादसा / निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में 40 फीट से गिरे दो मजदूर, एक की मौत; प्रबंधन पर FIR
हादसा / संतोषगढ़ की निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में करीब 40 फीट की ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे दो मजदूर सीमेंट की शीट टूटने से पक्के फर्श पर गिर गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को बाजू और कूल्हे में चोट आई है। घायल मजदूर ने फैक्टरी प्रबंधन पर जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊना
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद गुलफान करीब डेढ़ महीने से संतोषगढ़ स्थित निर्माणाधीन केमिकल फैक्टरी में वेल्डर का काम कर रहे थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह झाहुल हक, शायलम और रिजवान गुलफान के साथ इमारत में लगभग 40 फीट की ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान सीमेंट की शीट टूट गई और मोहम्मद गुलफान व झाहुल हक नीचे गिर गए। उनके साथ काम कर रहे अन्य दोनों मजदूर सुरक्षित रहे।
हादसे के बाद घायल मजदूरों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल झाहुल हक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मोहम्मद गुलफान का अस्पताल में उपचार किया गया। गुलफान ने आरोप लगाया कि काम के दौरान फैक्टरी प्रबंधन की ओर से जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए थे। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ के अनुसार थाना सदर ऊना के तहत फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम मामले की जांच कर रही है।