हादसा: शिमला में बंदरों से बचते दोमंजिला भवन से गिरी महिला, आईजीएमसी के आईसीयू में भर्ती
हादसा: शिमला के लोअर सिमिट्री क्षेत्र में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में एक महिला दोमंजिला भवन की छत से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से बंदरों तथा आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
शिमला/शिमला
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में पिछले तीन-चार दिनों से आवारा कुत्तों के काटने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। रविवार सुबह एक बच्ची को कुत्तों के काटने की सूचना मिलने के बाद लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने की मांग उठाई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बंदरों और आवारा कुत्तों के कारण रास्तों तथा भवनों की छतों पर लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ रहा है।
लोगों ने बताया कि कुछ स्थानों पर सड़कों और छतों पर कुत्तों तथा बंदरों के लिए भोजन फेंका जाता है। इससे बड़ी संख्या में बंदर एकत्रित हो जाते हैं और कई बार आसपास से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बनते हैं। स्थानीय निवासियों ने विशेष रूप से रात के समय छतों और रास्तों पर बचा हुआ भोजन नहीं फेंकने की अपील की है, ताकि जानवरों का जमावड़ा न लगे और ऐसी घटनाओं की आशंका कम हो सके।
नगर निगम से कार्रवाई की मांग
पार्षद के अनुसार नगर निगम की टीम आवारा कुत्तों की समस्या पर कार्रवाई के लिए तैयार है। कुत्तों के काटने से प्रभावित बच्ची के इलाज और टीकाकरण से संबंधित दस्तावेज भी निगम को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से बंदरों एवं आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी और स्थायी कदम उठाने की मांग की है, जिससे भविष्य में किसी गंभीर घटना को रोका जा सके।
शिमला में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में पहले भी दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। रोड बाजार क्षेत्र में छत पर बंदरों के हमले से घबराई एक महिला नीचे गिर गई थी और उसकी मौत हो गई थी। उपनगर ढांडा में भी घर की छत पर बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में एक युवती नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसकी बाद में मौत हो गई थी।
