Loading...

हादसा: सिरमौर में मारकंडा नदी के तेज बहाव में बही महिला की मौत, 300 मीटर दूर मिला शव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 47 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा: सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत देवनी में मारकंडा नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने करीब ढाई घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इसके बाद घटनास्थल से लगभग 200 से 300 मीटर आगे महिला का शव बरामद किया गया।

सिरमौर/नाहन

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान देवनी निवासी गुलजार की पत्नी अनवरी के रूप में हुई है। बताया गया है कि रविवार शाम करीब चार बजे अनवरी अपनी बहू के साथ मारकंडा नदी पार कर रही थीं। नदी में पानी का स्तर और बहाव अधिक होने के कारण दोनों ने सुरक्षा के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़ा हुआ था। इसी दौरान तेज धारा के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और अनवरी पानी में बह गईं। घटना के तुरंत बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग साढ़े छह बजे महिला का शव घटनास्थल से 200 से 300 मीटर आगे बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद देवनी क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Topics: