Loading...

एचपीएससी भर्तियों पर राजनीति कर रही कांग्रेस और इनेलो : नायब सैनी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

यह मामला हरियाणा में एचपीएससी भर्तियों को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी से जुड़ा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को केवल मेरिट और योग्यता के आधार पर नौकरी दी जा रही है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।

चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एचपीएससी भर्तियों को लेकर कांग्रेस और इनेलो पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दूसरे राज्यों के युवाओं को हरियाणा में नौकरी मिलने का विरोध केवल राजनीतिक स्टंट है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है तथा केवल योग्यता और मेरिट के आधार पर ही युवाओं का चयन किया जा रहा है।

सोमवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में मंत्रिमंडल बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इनेलो के शासनकाल में कभी मेरिट को महत्व नहीं दिया गया। उस समय युवाओं और उनके अभिभावकों का सरकार की भर्ती प्रक्रिया से भरोसा उठ चुका था और लोगों को लगने लगा था कि पढ़ाई-लिखाई के बावजूद नौकरी नहीं मिलेगी। लेकिन भाजपा सरकार ने व्यवस्था बदलते हुए पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू की, जिसके कारण अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव नौकरी मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब हरियाणा के युवा यूपीएससी के माध्यम से पंजाब, उत्तर प्रदेश, गुजरात और अन्य राज्यों में नौकरी पा सकते हैं तो दूसरे राज्यों के बच्चे हरियाणा में नौकरी क्यों नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक व्यवस्था है और देश का कोई भी नागरिक अपनी काबिलियत के दम पर किसी भी राज्य में नौकरी प्राप्त कर सकता है।

नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में मेरिट आधारित भर्ती प्रणाली ही इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि सरकार ने नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन प्रदेश का युवा अब जागरूक है और सच्चाई को समझता है।प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और ऊर्जा संकट को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण ऊर्जा संकट पूरी दुनिया के सामने चुनौती बन चुका है। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से ऊर्जा बचत की अपील की है और सभी नागरिकों को इसमें सहयोग करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी सरकारी कार्यालयों में अधिक से अधिक बैठकें वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने और जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, साइकिल और पैदल चलने को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही ऊर्जा संकट से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ऊर्जा चुनौतियों से सफलतापूर्वक बाहर निकलेगा और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करेगा।