Loading...

सिरमौर में हिम बस कार्ड योजना से 29 श्रेणियों के पात्र नागरिकों को मिल रही निःशुल्क और रियायती यात्रा सुविधा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 45 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल पथ परिवहन निगम की हिम बस कार्ड योजना के तहत जिला सिरमौर में विभिन्न पात्र वर्गों को निःशुल्क एवं रियायती बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक जिले में 11,855 हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र लाभार्थियों को यात्रा व्यय में राहत मिल रही है।

नाहन

29 श्रेणियों के पात्र नागरिकों को मिल रहा योजना का लाभ

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बेहतर, सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के माध्यम से संचालित हिम बस कार्ड योजना का लाभ जिला सिरमौर में विभिन्न वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है। योजना के अंतर्गत 29 श्रेणियों के लाभार्थियों को निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, राज्य एवं केंद्र सरकार के कर्मचारी, निगम एवं बोर्ड कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं उनकी पत्नियां, मान्यता प्राप्त प्रेस संवाददाता, शौर्य पुरस्कार विजेता सैनिक, युद्ध विधवाएं, दिव्यांगजन तथा कैंसर, मल्टी फ्रैक्चर, डायलिसिस, किडनी और थैलेसीमिया से प्रभावित पात्र व्यक्ति शामिल हैं।

विद्यार्थियों को यात्रा किराये में विशेष रियायत

योजना के तहत विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के भीतर एचआरटीसी की साधारण बसों में यात्रा किराये पर 50 प्रतिशत तक की रियायत प्रदान की जाती है। पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों सहित अन्य पात्र श्रेणियों को निर्धारित नियमों के अनुसार निःशुल्क अथवा रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की नियमित शिक्षा एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी को सुगम बनाना है।

प्रशिक्षुओं ने साझा किया यात्रा व्यय में कमी का अनुभव

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नाहन के प्रशिक्षु अजय ठाकुर, दिनेश और हिमांशु पुंडिर ने बताया कि हिम बस पास बनने के बाद उन्हें पूरे महीने की यात्रा केवल 10 एकल किराये के बराबर राशि में उपलब्ध हो रही है, जिससे दैनिक आवागमन का खर्च काफी कम हुआ है।देवका गांव की प्रशिक्षु रिया चौहान ने बताया कि पहले उन्हें प्रतिमाह 1,380 रुपये बस किराये पर खर्च करने पड़ते थे, जबकि हिम बस पास मिलने के बाद उनका मासिक यात्रा खर्च घटकर 230 रुपये रह गया है। इसी प्रकार ड्राफ्ट्समैन ट्रेड की प्रशिक्षु शिवानी और वंशिका ने बताया कि उनका मासिक यात्रा व्यय लगभग 4,500 रुपये से घटकर 670 रुपये रह गया है। पांवटा साहिब क्षेत्र के गिरीनगर निवासी अंजली तथा जामली निवासी मीनाक्षी और समीक्षा ने भी योजना से यात्रा व्यय में कमी आने की बात कही।

घर-द्वार पर बनाए जा रहे हिम बस कार्ड

जिला सिरमौर में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए एचआरटीसी ने विशेष टीम तैनात की है। यह टीम दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में जाकर घर-द्वार पर ही हिम बस कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध करा रही है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। हिम बस कार्ड एक वर्ष की अवधि के लिए जारी किया जाता है, जिसके लिए 236 रुपये का न्यूनतम शुल्क निर्धारित है।

वर्ष 2026 में जारी हुए 11,855 हिम बस कार्ड

वर्ष 2026 में अब तक जिला सिरमौर में 11,855 हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें नाहन इकाई द्वारा 10,119 तथा पांवटा साहिब इकाई द्वारा 1,736 बस पास जारी किए गए हैं। नाहन इकाई के माध्यम से 30 दृष्टिबाधित, 883 ऐसे दिव्यांगजन जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत है, तथा 293 ऐसे दिव्यांगजन जिनकी दिव्यांगता 70 प्रतिशत या उससे अधिक है, उन्हें हिम बस पास उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त 5,332 महिलाओं, 1,909 सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा 991 सरकारी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी इस योजना का लाभ मिला है।

जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) जिला सिरमौर के डिप्टी डिवीजनल मैनेजर (डीडीएम) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने जानकारी के लिए 94180-00551 दूरभाष नंबर भी जारी किया है।

Related Topics: