Himachal: आज धूप खिलने से बढ़ने लगा गर्मी का प्रकोप, 11 क्षेत्रों का तापमान 30 डिग्री के पार
HNN/ shimla
हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने अपना कहर ढाना शुरू कर दिया है। बीते कुछ दिनों से राज्य में मौसम लगातार साफ बना हुआ है तथा चटक धूप खिल रही है। ऐसे में तापमान में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है।
हालांकि, प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को अभी गर्मी से राहत मिल रही है परंतु निचले क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं। आलम यह है कि प्रदेश के 11 क्षेत्रों का तापमान 30 डिग्री के पार हो गया है।
मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच सोमवार को प्रदेश भर में धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई भागों में 19 मई बारिश की संभावना है।
मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 17 मई तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 18 मई को पूरे प्रदेश में बादल बरसने की संभावना है।
अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
ऊना 40.8
धौलाकुआं 38.9
बिलासपुर 38.5
हमीरपुर 36.3
मंडी 35.1
कांगड़ा 34.8
चंबा 34.8
नाहन 34.8
सुंदरनगर 33.9
सोलन 32.0
धर्मशाला 31.5
शिमला 25.4