Himachal Assembly Election: क्यूआर कोड वाली वोटर स्लिप से होगी मतदाता की पहचान
HNN/ मंडी
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में मंडी जिला की मंडी सदर विधानसभा में पहली बार निर्वाचन आयोग क्यूआर कोड वोटर स्लिप का उपयोग करने जा रहा है। मतदाता जैसे ही वोटर पर्ची लेकर बूथ पर जाएगा वहां मतदान अधिकारी बूथ लेवल एप से उसकी वोटर स्लिप स्कैन करेगा। स्कैन करते ही मतदाता की पूरी जानकारी पोलिंग स्टाफ के सामने होगी। इसी से वह मतदाता की उपस्थिति मार्क कर सकेगा।
इससे चुनाव करवाने वाले अधिकारियों को मतदाता की पहचान स्थापित करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने में मदद मिलेगी। इससे चुनाव के रियल टाइम वोटिंग परसेंट व बूथ पर हुई वोटिंग का पता चल सकेगा। इस बूथ लेवल एप के माध्यम से फर्जी वोटिंग रोकने में भी मदद मिलेगी। इन्टरनेट न होने पर भी ऑफलाइन में भी यह एप काम करेगा।
अगर कोई मतदाता उपस्थिति दर्ज करने के बाद भी मतदान करने के लिए मना कर देता है तब भी ऐसे मामले को दर्ज किया जा सकता है। मंडी जिला की मंडी सदर विधानसभा के अतिरिक्त हमीरपुर जिला की हमीरपुर, कांगड़ा जिला की धर्मशाला और शिमला जिला की शिमला शहरी सीट पर मतदान में क्यूआर कोड वोटर स्लिप का उपयोग होगा।