पार्टी विरोधी गतिविधियों पर भाजपा का बड़ा एक्शनदो नेताओं को 6 वर्षों के लिए पार्टी से किया निलंबित
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने शहरी स्थानीय निकाय चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रदर्शन को जनसमर्थन का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किए जीत का दावा कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
शिमला
पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो नेताओं के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी लाइन के खिलाफ जाने वालों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति को नालागढ़-पंजेहरा मंडल से शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरकर अनुशासन का उल्लंघन किया, जबकि किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा पर चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगे थे।अनुशासन समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायतों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया और इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना। इसके बाद समिति ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को कार्रवाई की सिफारिश भेजी।
समिति की सिफारिश के आधार पर डॉ. राजीव बिंदल ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए ज्ञान ठाकुर और अमित राणा को उनके दायित्वों से मुक्त कर पार्टी से छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, ज्ञान ठाकुर ने नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था।निकाय और पंचायतीराज चुनावों के बीच भाजपा की इस कार्रवाई को संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ा संदेश माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे पार्टी के भीतर स्पष्ट संकेत के रूप में देखा जा रहा है कि चुनावी समय में अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ गतिविधियों या संगठन विरोधी कदमों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।भाजपा ने साफ किया है कि संगठन की मजबूती और अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।