Loading...

हिमाचल भाजपा की अनुशासनात्मक कार्रवाई, पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो नेता छह वर्ष के लिए निलंबित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भाजपा ने पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों में दो नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पार्टी की अनुशासन समिति की सिफारिश के बाद दोनों नेताओं को उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया।

शिमला

अनुशासन समिति को मिली थी शिकायत

भारतीय जनता पार्टी ने पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति को नालागढ़-पंजेहरा मंडल से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का मामला

भाजपा के अनुसार किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर पर जिला परिषद चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का आरोप था। वहीं किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा के खिलाफ चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने की शिकायत समिति को प्राप्त हुई थी।

समिति ने कार्रवाई की सिफारिश की

अनुशासन समिति ने शिकायतों पर विचार-विमर्श के बाद मामले को अनुशासनहीनता से जुड़ा गंभीर विषय माना। इसके बाद समिति ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भेजी।

छह वर्ष के लिए किया गया निलंबित

समिति की सिफारिश के आधार पर भाजपा प्रदेश इकाई ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए ज्ञान ठाकुर और अमित राणा को उनके संगठनात्मक दायित्वों से मुक्त कर दिया। पार्टी ने दोनों नेताओं को छह वर्ष के लिए निलंबित करने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार ज्ञान ठाकुर नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से चुनाव मैदान में थे।

Related Topics: