हादसा / चंबा के पांगी क्षेत्र में ढांक से गिरने पर व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच जारी
हादसा : चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक व्यक्ति की ढांक से गिरने के कारण मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर दी है तथा मामले में आवश्यक जांच शुरू कर दी गई है।
चंबा
घर लौटते समय हुआ हादसा
जनजातीय क्षेत्र पांगी की साच पंचायत के घिसल गांव में एक व्यक्ति की गहरी ढांक में गिरने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय गिरधारी लाल पुत्र कर्म दास निवासी घिसल डाकघर साच तहसील पांगी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम गिरधारी लाल अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बदरूड़ ढांक के पास उनका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गए।
रातभर चलता रहा तलाश अभियान
जब देर रात तक गिरधारी लाल घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के सहयोग से रात के समय आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा और दुर्गम रास्ता होने के कारण उनका पता नहीं चल पाया। रविवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके दौरान करीब 11 बजे उनका शव खाई से बरामद किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना पांगी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल किलाड़ में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस थाना पांगी के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
