Loading...

हिमाचल के कॉलेजों में नियमित पढ़ाई को प्राथमिकता, शिक्षकों की दूसरे संस्थानों में परीक्षा ड्यूटी पर रोक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में सहायक और एसोसिएट प्रोफेसरों को परीक्षा ड्यूटी के लिए दूसरे कॉलेजों में भेजने पर रोक लगा दी गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने यह फैसला नियमित कक्षाओं, विशेष रूप से दूसरे और तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के कारण लिया है। अब शिक्षकों की ऐसी तैनाती से जुड़े प्रस्ताव विश्वविद्यालयों को विचार के लिए नहीं भेजे जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश

उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। इस दौरान सहायक और एसोसिएट प्रोफेसरों को परीक्षा ड्यूटी के लिए दूसरे कॉलेजों में भेजने से नियमित शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। निदेशालय के अनुसार, शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण खास तौर पर दूसरे और तीसरे वर्ष की कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। इसी को देखते हुए कॉलेजों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश के सभी सरकारी डिग्री कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से कहा गया है कि शिक्षकों को अन्य कॉलेजों में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात करने से संबंधित मामले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और सरदार पटेल विश्वविद्यालय को न भेजे जाएं। आदेश में विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को प्राथमिकता देते हुए नियमित कक्षाएं निर्बाध रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि कॉलेजों में पढ़ाई जारी रखने के लिए आवश्यक शिक्षकों की उपलब्धता बनी रहनी चाहिए।

Related Topics: •