Loading...

ऊना में 17 नवंबर को चुनावी जागरूकता प्रतियोगिताएं, अलग-अलग शीर्ष 10 विजेताओं को मिलेंगे प्रमाणपत्र

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना के बचत भवन में 17 नवंबर को सुबह 10:30 बजे जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत होने वाली इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है। निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अलग-अलग शीर्ष 10 विजेता चुने जाएंगे, जिन्हें मेरिट प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

ऊना/ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब वाले स्कूलों और कॉलेजों के सभी विद्यार्थी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी के लिए क्लब का सदस्य होना अनिवार्य नहीं है, लेकिन उसे अपने शिक्षण संस्थान के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से ही हिस्सा लेना होगा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को अपने क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों की आयोजन स्थल पर समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदाता सूची और मतदान के महत्व पर लिखेंगे निबंध

निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। स्कूल विद्यार्थियों के लिए निबंध की शब्द सीमा 500 से 800 शब्द और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए 800 से 1,200 शब्द रहेगी। प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा राज्य की आधिकारिक भाषा में निबंध लिख सकेंगे। विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर निबंध प्रतियोगिता मौके पर ही पर्यवेक्षण में कराई जाएगी। प्रश्नोत्तरी में मतदाता सूची, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।

मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति गठित

प्रतियोगिताओं के संचालन, मूल्यांकन और विजेताओं के चयन के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। उप निदेशक गुणवत्ता नियंत्रण, डाइट देहलां को नोडल अधिकारी-सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिला भाषा अधिकारी भाषा विशेषज्ञ होंगे, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सीबीएसई ऊना के अंग्रेजी प्रवक्ता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला के हिंदी प्रवक्ता समिति में सदस्य होंगे। समिति के सदस्यों को आयोजन वाले दिन सुबह 10:15 बजे बचत भवन पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निबंधों का मूल्यांकन 100 अंकों के आधार पर होगा। विषय-वस्तु एवं प्रासंगिकता के लिए 40 अंक, मौलिक विचारों के लिए 20 अंक, भाषा एवं अभिव्यक्ति के लिए 20 अंक तथा संरचना एवं प्रस्तुति के लिए 20 अंक निर्धारित हैं। समिति प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के अंतिम दौर की निगरानी भी करेगी। बराबरी की स्थिति बनने पर टाई-ब्रेकर राउंड के माध्यम से विजेता का निर्णय किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं में अलग-अलग शीर्ष 10 विजेताओं को मेरिट प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

Related Topics: •