ऊना में 17 नवंबर को निबंध-प्रश्नोत्तरी, दोनों प्रतियोगिताओं के शीर्ष 10 विजेताओं को मिलेगा मेरिट प्रमाणपत्र
ऊना में विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के लिए 17 नवंबर को जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोनों प्रतियोगिताएं सुबह 10:30 बजे बचत भवन में शुरू होंगी। जिला स्तर पर प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 विजेताओं का चयन किया जाएगा और उन्हें मेरिट प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में ऐसे स्कूलों और कॉलेजों के सभी विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं, जहां क्लब गठित हैं। प्रतिभागी का क्लब सदस्य होना अनिवार्य नहीं है, लेकिन उसे अपने शिक्षण संस्थान के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से ही प्रतियोगिता में भाग लेना होगा। जिले के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को चयनित विद्यार्थियों की आयोजन स्थल पर समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निबंध और प्रश्नोत्तरी के विषय
निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय तय किए गए हैं। स्कूल विद्यार्थियों के लिए शब्द सीमा 500 से 800 और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए 800 से 1,200 शब्द निर्धारित की गई है। निबंध हिंदी, अंग्रेजी अथवा राज्य की आधिकारिक भाषा में लिखा जा सकेगा। विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर निबंध पर्यवेक्षण में मौके पर ही लिखे जाएंगे। प्रश्नोत्तरी में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।
मूल्यांकन के लिए समिति गठित
प्रतियोगिताओं के संचालन, मूल्यांकन और विजेताओं के चयन के लिए जिला स्तरीय समिति बनाई गई है। उप निदेशक गुणवत्ता नियंत्रण, डाइट देहलां को नोडल अधिकारी-सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिला भाषा अधिकारी भाषा विशेषज्ञ होंगे, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सीबीएसई ऊना के अंग्रेजी प्रवक्ता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला के हिंदी प्रवक्ता समिति में सदस्य होंगे। सभी सदस्यों को आयोजन के दिन सुबह 10:15 बजे बचत भवन पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निबंधों का मूल्यांकन 100 अंकों के आधार पर होगा। विषय-वस्तु एवं प्रासंगिकता के लिए 40 अंक तथा मौलिक विचार, भाषा एवं अभिव्यक्ति और संरचना एवं प्रस्तुति के लिए 20-20 अंक तय किए गए हैं। समिति प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के अंतिम दौर की निगरानी भी करेगी। बराबरी की स्थिति में टाई-ब्रेकर राउंड के माध्यम से विजेता का फैसला किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं में अलग-अलग शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विजेता चुना जाएगा।