Loading...

कॉलेजों के 7 शिक्षकों को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार, 25 जून तक मांगे आवेदन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सरकारी महाविद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षण, शोध और संस्थागत विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों एवं प्राचार्यों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2026 के राज्य शिक्षक पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवेदन 25 जून तक स्वीकार किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया के बाद सात शिक्षकों और प्राचार्यों को प्रतिष्ठित राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षण, शोध और संस्थागत विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं प्राचार्यों को इस वर्ष राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित राज्य शिक्षक पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है।नई पुरस्कार नीति के तहत इस वर्ष कुल सात शिक्षकों और प्राचार्यों को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. हरीश कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पांच पुरस्कार सरकारी महाविद्यालयों के सहायक आचार्य और सह आचार्य वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि दो पुरस्कार प्राचार्य वर्ग को दिए जाएंगे।

पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों और प्राचार्यों को हिमाचली टोपी अथवा स्कार्फ, शॉल, मेडल, प्रशस्ति पत्र, सम्मान पत्र तथा पुस्तकों के साथ सम्मानित किया जाएगा।फैकल्टी वर्ग में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए स्नातक अथवा स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का नियमित शिक्षण अनुभव अनिवार्य रखा गया है। वहीं प्राचार्य वर्ग के लिए न्यूनतम एक वर्ष का नियमित प्राचार्य अनुभव आवश्यक होगा। इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में ‘गुड’ अथवा उससे बेहतर ग्रेड होना भी जरूरी है।निदेशालय ने नामांकन प्रक्रिया को व्यापक बनाते हुए स्वयं नामांकन के साथ-साथ प्राचार्य, छात्र, शिक्षक, पीटीए, कॉलेज प्रबंधन समितियां तथा आम नागरिकों को भी योग्य शिक्षकों और प्राचार्यों के नाम प्रस्तावित करने की अनुमति दी है। हालांकि प्रत्येक नामांकन के साथ दावे के समर्थन में आवश्यक प्रमाण-पत्र और दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद श्रेष्ठ 25 उम्मीदवारों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा। विस्तृत मूल्यांकन के आधार पर अंतिम सात पुरस्कार विजेताओं का चयन होगा।उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि अधूरे अथवा निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत नहीं किए गए आवेदन सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों और नाम प्रस्तावित करने वालों को अपने आवेदन ई-मेल तथा हार्ड कॉपी दोनों माध्यमों से 25 जून तक निदेशालय को भेजने होंगे।चयन के दौरान शिक्षण उत्कृष्टता, नवाचार, शोध गतिविधियां, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान और संस्थान के विकास में निभाई गई भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मानकों को आधार बनाया जाएगा। इससे प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में गुणवत्ता आधारित प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।