राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल पांचवें स्थान पर, साक्षरता दर 99.55 प्रतिशत: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में वर्ष 2021 के 21वें स्थान से सुधार करते हुए 2025 में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने प्रदेश की साक्षरता दर 99.55 प्रतिशत होने की जानकारी भी दी। डलहौजी स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 125वें वार्षिक समारोह में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रवृत्ति योजनाओं और विद्यार्थियों व शिक्षकों के शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रयास कर रही है।

डलहौजी/चंबा
शिक्षा मंत्री ने स्कूल की 125 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित कर रही है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक स्तर की शैक्षणिक व्यवस्थाओं से परिचित करवाने के उद्देश्य से विदेश में शैक्षणिक भ्रमण के अवसर भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का किया उल्लेख
रोहित ठाकुर ने कहा कि निराश्रित बच्चों को बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना शुरू की है। इसके माध्यम से ऐसे बच्चों की शिक्षा, देखभाल और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित कर उन्हें सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर मेहनत करने और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया। उनके अनुसार शिक्षा का उद्देश्य ज्ञान अर्जित करने के साथ अच्छे संस्कार विकसित करना और समाज व प्रदेश के विकास में योगदान देना भी है।

पांच विद्यार्थियों से शुरू हुआ था संस्थान
विद्यालय के इतिहास का उल्लेख करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि सेक्रेड हार्ट स्कूल की शुरुआत 20 फरवरी 1901 को पांच विद्यार्थियों के साथ हुई थी और अब यहां करीब 950 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान विद्यार्थियों को संस्थान के 125वें वार्षिक समारोह की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में पूर्व मंत्री आशा कुमारी, सेना और भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व आईएएस अधिकारी किरण चड्ढा, उपमंडलाधिकारी अनिल भारद्वाज, भरमौर के उपमंडलाधिकारी अजय कुमार सिंह, डीएसपी मयंक शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन और प्रधानाचार्य सिस्टर मौली चेरियन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नगर परिषद के प्रतिनिधि, अन्य शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
