Loading...

महंगाई की मार से किसान-बागवानों की बढ़ी चिंता, ईंधन कीमतों का असर हिमाचल की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा भारी : अजय सोलंकी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 8 Hours Ago • 1 Min Read

बढ़ती पेट्रोल और डीजल कीमतों को लेकर विधायक अजय सोलंकी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से हिमाचल के किसानों, बागवानों और आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। परिवहन लागत बढ़ने से कृषि और बागवानी उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ने की बात कही गई है।

नाहन

नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज बढ़ती महंगाई ने आम आदमी से लेकर किसानों और बागवानों तक हर वर्ग की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों का सीधा असर हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य की अर्थव्यवस्था पर पड़ना तय है। हाल के दिनों में देशभर में ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है और इसका असर परिवहन व दैनिक जरूरतों पर दिखाई देने लगा है।

अजय सोलंकी ने कहा कि हिमाचल को देश की फ्रूट बास्केट कहा जाता है और प्रदेश के लाखों परिवार कृषि व बागवानी पर अपनी आजीविका के लिए निर्भर हैं। ऐसे समय में डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने किसानों और बागवानों की चिंता और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि बागवानों के लिए फलों को बागानों से मंडियों तक पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है और जब परिवहन लागत बढ़ती है तो उसका सीधा असर उत्पादन लागत पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पहले ही मौसम की मार, प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ते उत्पादन खर्च से किसान और बागवान परेशान हैं। अब परिवहन खर्च में वृद्धि उनके लिए नई चुनौती बनकर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि इसका असर केवल बागवानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मंडियों में फल और अन्य कृषि उत्पादों की कीमतों पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा और अंततः इसका बोझ आम उपभोक्ता तक पहुंचेगा।

विधायक ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण रखने के लिए केंद्र सरकार को समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए थे, लेकिन आज हालात ऐसे बन गए हैं कि आम परिवार का मासिक बजट लगातार बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय बढ़ते आर्थिक दबाव को कम करने में नाकाम साबित हो रही है।उन्होंने प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद हर वर्ग के हितों को प्राथमिकता देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बीच भी प्रदेश सरकार लोगों को राहत पहुंचाने और जनहित की योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।