Himachal Government: सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों का ड्रेस कोड 1 अक्तूबर से होगा लागू
Himachal Government: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को सरकारी सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों का ड्रेस कोड इस वर्ष 1 अक्तूबर से लागू करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों की अलग एवं विशिष्ट रंग योजना भी जल्द निर्धारित की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य सरकार द्वारा संचालित सीबीएसई स्कूलों के लिए तैयार किए जा रहे ‘लोगो’ को अंतिम रूप देने से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने स्कूलों में अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों की उपस्थिति दिन में तीन बार दर्ज करने की व्यवस्था लागू करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सीबीएसई स्कूलों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को सुलभ दरों पर शिक्षा दी जाएगी, जबकि निजी सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाई अपेक्षाकृत महंगी है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों तक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही कर चुकी है। भविष्य में किसी भी कारण से शिक्षकों के पद रिक्त होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, ताकि स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इससे संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में महाधिवक्ता अनूप रतन, शिक्षा सचिव राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।