Loading...

Himachal Government : 150 सीबीएसई स्कूलों में तीन बार दर्ज होगी उपस्थिति, पहली अक्तूबर से शिक्षकों का ड्रेस कोड अनिवार्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 55 Mins Ago • 1 Min Read

Himachal Government: प्रदेश के 150 सीबीएसई स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्कूल दिवस के दौरान तीन बार उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की बैठक में बताया कि उपस्थिति सुबह स्कूल पहुंचने, लंच ब्रेक और छुट्टी के समय दर्ज की जाएगी। इन स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड भी निर्धारित किए जाएंगे। शिक्षकों का ड्रेस कोड पहली अक्तूबर से अनिवार्य होगा।

हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित ड्रेस खरीदने के लिए शिक्षकों को एकमुश्त 5,000 रुपये की विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी। विद्यार्थियों की स्कूल यूनिफॉर्म के संबंध में निर्णय अगले एक सप्ताह के भीतर लिया जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग को उपस्थिति और ड्रेस कोड से जुड़े इन उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीबीएसई स्कूलों के संचालन और वहां उपलब्ध सुविधाओं में निरंतर सुधार करने को कहा गया है।

स्कूलों के सुधार के लिए अतिरिक्त बजट

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन सीबीएसई स्कूलों में लगभग 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है और आने वाले समय में अन्य शिक्षकों की नियुक्तियां भी की जाएंगी। राज्य सरकार स्कूलों के सुधार तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुविधाएं मजबूत करने के उद्देश्य से अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी। इस पहल का उद्देश्य बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।

बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, महाधिवक्ता अनूप रतन, शिक्षा सचिव राकेश कंवर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा विभाग को नई व्यवस्थाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के साथ स्कूलों की सुविधाओं और संचालन की नियमित समीक्षा तथा सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Related Topics: