नेपाल बाढ़ के बाद ऊना के दो और लोग लापता, परिजन तलाश में जुटे
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक त्रासदी के बाद ऊना जिले के तीन लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंदर रत्न तथा नंगड़ा गांव की नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा लापता बताए जा रहे हैं। तीनों के परिजन उनकी कुशलक्षेम जानने और तलाश से जुड़ी जानकारी जुटाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
सुखविंदर रत्न के पिता हुसन लाल ने बताया कि उनके बेटे के बारे में अभी तक कोई ठोस सूचना नहीं मिली है। परिवार का सदस्य शुभम सुखविंदर की तलाश के लिए शनिवार रात करीब 12 बजे काठमांडू पहुंच गया था। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण वह फिलहाल काठमांडू में ही रुका है और वहीं से जानकारी जुटा रहा है। संबंधित क्षेत्र में राहत टीमों को भेजे जाने की बात भी कही जा रही है।
मैहतपुर क्षेत्र के लोग सुखविंदर की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद अंजू देवी ने बताया कि सुखविंदर की कुशलक्षेम के लिए श्री गुरु रविदास मंदिर में अरदास की जाएगी। स्थानीय लोग भी इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े हैं और नेपाल में चल रहे राहत एवं बचाव प्रयासों के बीच सुखविंदर के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
26 अगस्त के बाद दंपति से नहीं हुआ संपर्क
नंगड़ा निवासी नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा भी पिछले छह दिनों से लापता बताए जा रहे हैं। परिजनों का दोनों से आखिरी संपर्क 26 अगस्त की सुबह हुआ था। दंपति कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए निकला था और नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद आगे की यात्रा पर रवाना हुआ था। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। नीलम शर्मा नंगड़ा गांव के वार्ड नंबर दो की निवासी हैं।
रमेश शर्मा मूल रूप से पालमपुर के बैड़ निवासी और अमेरिका के नागरिक हैं। बताया गया है कि वह करीब 20 वर्षों से अपने बच्चों के साथ अमेरिका में रह रहे हैं। नंगड़ा पंचायत के उपप्रधान पंकज कुमार ने नीलम शर्मा के लापता होने की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजन उनकी तलाश को लेकर चिंतित हैं। नेपाल में जारी राहत एवं बचाव प्रयासों के बीच परिवारों को तीनों के सुरक्षित मिलने का इंतजार है।
