Loading...

Himachal Government: हरोली में सिंचाई विस्तार को रफ्तार, 17 नलकूप तैयार और 32 पर काम जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Sep 2026 • 1 Min Read

Himachal Government: हरोली विधानसभा क्षेत्र में खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए सिंचाई ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। 12 दिसंबर 2022 से अब तक करीब 14 करोड़ रुपये से 17 सिंचाई नलकूप बनाकर जनता को समर्पित किए गए हैं, जिनसे 482 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिल रही है। क्षेत्र में 32 अन्य नलकूपों का निर्माण जारी है। इसके साथ बीत एरिया फेज-2 सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सिंचित कृषि भूमि का दायरा बढ़ाने पर काम हो रहा है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

हरोली क्षेत्र में निर्माणाधीन 32 सिंचाई नलकूपों पर करीब 31 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनके पूरा होने के बाद लगभग 875 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त 17 सिंचाई योजनाओं के कमांड क्षेत्र के आधुनिकीकरण और उन्नयन पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस कार्य से 850 हेक्टेयर भूमि को पूर्ण सिंचाई सुविधा मिलने की बात कही गई है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य किसानों को खेती के लिए अधिक भरोसेमंद जल उपलब्ध कराना है।

Himachal Government: हरोली में सिंचाई विस्तार को रफ्तार, 17 नलकूप तैयार और 32 पर काम जारी

बीत एरिया फेज-2 का 75 प्रतिशत काम पूरा

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत करीब 75 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रही बीत एरिया फेज-2 सिंचाई योजना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष काम जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अंतर्गत स्वां नदी के किनारे नौ कुएं बनाकर पंपिंग के माध्यम से पानी को 11 लाख लीटर क्षमता वाले टैंक में एकत्र किया जाएगा। इसके बाद चार मुख्य पाइप लाइनों से पानी पोलियां, कुंगढत, पालकवाह और जोड़ियां तक पहुंचाया जाएगा।

वितरण प्रणाली के माध्यम से योजना का पानी 28 गांवों तक पहुंचाने का प्रावधान है। इसके पूरा होने पर 1,874 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। योजना से बीत एरिया और आसपास के गांवों में पानी की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। हरोली ब्लॉक क्लस्टर में एमसीएडी योजना लागू करने के लिए 97 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता भी स्वीकृत हो चुकी है, जिसके तहत पुरानी सिंचाई योजनाओं का उन्नयन किया जा रहा है।

Himachal Government: हरोली में सिंचाई विस्तार को रफ्तार, 17 नलकूप तैयार और 32 पर काम जारी

पांच नई योजनाओं की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी

करीब 128 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली पांच नई सिंचाई योजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इनमें दो डीपीआर प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और तीन डीपीआर नाबार्ड के तहत प्रस्तावित हैं। स्वीकृति मिलने के बाद इन परियोजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हरोली विधानसभा क्षेत्र में करीब 215 करोड़ रुपये की छह सिंचाई योजनाएं पूरी हो चुकी हैं या उन पर कार्य चल रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का संबंध किसानों की आय, कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने से है। उनके अनुसार निर्माणाधीन और प्रस्तावित योजनाओं के पूरा होने से हरोली में बड़ी मात्रा में कृषि भूमि सिंचाई नेटवर्क से जुड़ेगी। पानी की कमी का सामना करते रहे बीत एरिया में भी इन परियोजनाओं से खेतों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने और कृषि गतिविधियों का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।