Himachal Government: हिम-चंडीगढ़ सिटी का विकास जल्द होगा शुरू, मुख्यमंत्री ने प्रगति की समीक्षा की
Himachal Government: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द इस नए शहर का विकास कार्य शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।
सोलन/बद्दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम-चंडीगढ़ सिटी को आधुनिक, सुनियोजित और टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित शहर में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों से शहर का सुनियोजित, सतत और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावनाओं का पता लगाने को कहा।

सरसा नदी के किनारे नौ किलोमीटर का रिवरफ्रंट प्रस्तावित
मुख्यमंत्री ने सरसा नदी के किनारे लगभग नौ किलोमीटर लंबे सुविकसित रिवरफ्रंट को परियोजना में शामिल करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ निवासियों को स्वच्छ, आकर्षक और मनोरंजन के अनुकूल सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रस्तावित शहर तक सुगम आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए मजबूत एवं प्रभावी सड़क संपर्क सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रस्तावित शहर क्षेत्र की बढ़ती शहरी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और राज्य के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान करेगा। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, विधायक राम कुमार और अजय सोलंकी, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव अमरजीत सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
