Loading...

Himachal Government: कुटलैहड़ में पात्र और जरूरतमंद परिवारों का पारदर्शी तरीके से होगा बीपीएल चयन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Hours Ago • 1 Min Read

कुटलैहड़ में पात्र परिवारों का ही होगा बीपीएल चयन, जरूरतमंदों को मिलेगा योजनाओं का लाभ: विवेक शर्मा

ऊना/वीरेंद्र बन्याल कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बीपीएल चयन के दूसरे चरण को लेकर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में केवल पात्र और जरूरतमंद परिवारों को ही बीपीएल सूची में शामिल किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिकी को मजबूत करना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से बीपीएल चयन की प्रक्रिया को व्यापक और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश की करीब 3,615 पंचायतों में पहले से शामिल 2,65,357 बीपीएल परिवारों के अतिरिक्त करीब डेढ़ लाख और पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में भी प्रत्येक पंचायत में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों से सीधा संवाद कर पात्र परिवारों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच के तहत बीपीएल चयन को महज कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारी पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों की वास्तविक आर्थिक स्थिति को समझ रहे हैं और पात्रता के आधार पर परिवारों का चयन किया जा रहा है। इससे यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि वास्तविक जरूरतमंदों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।

विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ की प्रत्येक पंचायत में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। पात्रता के आधार पर बीपीएल चयन होने से जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

बीते दो वर्षों में हर कार्य में पारदर्शिता का दावा

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और जनहित से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय बंद कमरों में लेने के बजाय लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझने के बाद लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना है। बीपीएल चयन की प्रक्रिया में भी इसी सोच को अपनाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि पात्र परिवारों की पहचान में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि वास्तव में जरूरतमंद परिवारों को सूची में शामिल कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

Related Topics: