Himachal Government: आधुनिक सुविधाओं से संवरेगा रामपुर पुल-जल भवन क्षेत्र, बनेगा ‘न्यू हरोली विकास पथ’
Himachal Government: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर संपर्क और योजनाबद्ध निर्माण से जोड़कर ‘न्यू हरोली विकास पथ’ के रूप में विकसित करने की जानकारी दी है। जल भवन हरोली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र एक वर्ष के भीतर विकास की नई पहचान के रूप में उभरेगा। योजना के तहत सौंदर्यीकरण के साथ कई आधारभूत परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य शुरू हो चुका है। क्षेत्र में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैफिक पार्क और करीब 12 करोड़ रुपये से जल शक्ति भवन का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत वाला हेलीपोर्ट और करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक अभी निर्माणाधीन है।
उन्होंने कहा कि वाहनों की पासिंग के लिए ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन, न्यायिक परिसर, इंडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, उद्योग विभाग का कार्यालय और पूर्व सैनिक भवन भी बनाया जाएगा। निर्माण कार्यों की प्रत्येक दो सप्ताह के बाद समीक्षा करने की व्यवस्था रहेगी, ताकि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उनके अनुसार यह केवल एक मार्ग को विकसित करने की परियोजना नहीं, बल्कि हरोली को आधुनिक, सुविधासंपन्न और सुनियोजित क्षेत्र बनाने की व्यापक योजना है।
न्यू हरोली क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए कैमरे तथा स्पीड राडार लगाए जा रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए पेयजल प्याऊ, रेन शेल्टर और बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल स्क्रीन स्थापित करने की योजना है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के माध्यम से रामपुर पुल से जल भवन तक के पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा।
50 बसों से करवाई जाएगी धार्मिक यात्रा
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की ओर से विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए ‘चल मंदरा नूं चलिए’ अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 50 बसों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को चिंतपूर्णी, नैना देवी, ज्वालाजी और बाबा बालक नाथ मंदिरों की यात्रा करवाई जाएगी। उन्होंने आने वाले समय में महिला, अनुसूचित जाति, पूर्व सैनिक, युवा और अन्य पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन आयोजित करने की जानकारी भी दी।
विधानसभा क्षेत्र में लोगों को विकास प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से ‘हरोली जोड़ो अभियान’ भी चलाया जाएगा। हर महीने के पहले रविवार को होने वाली अगली बैठक पालकवाह ऑडिटोरियम में विस्तारित जनरल हाउस के रूप में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सुमन ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष सुखविंदर कौर और अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।