Loading...

Himachal Government: शाहपुर में 9 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए मिले 70-70 हजार रुपये

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Hours Ago • 1 Min Read

Himachal Government: शाहपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नौ पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रत्येक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का चेक सौंपा। मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल छह लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।

शाहपुर

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि नगर पंचायत शाहपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 99 पात्र लाभार्थियों को करीब 1.60 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है तथा ऐसी योजनाएं परिवारों को अपना आशियाना बनाने में मदद कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में वर्षों बाद बीपीएल परिवारों का सर्वे करवाया गया, ताकि कोई पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के प्रयासों का उल्लेख किया और नगर पंचायत शाहपुर के जनहित कार्यों की सराहना की।

नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और नगर पंचायत की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, नगर पंचायत अध्यक्ष बविता, तहसीलदार दीक्षांत ठाकुर, पार्षद विजय गुलेरिया, अभिषेक माथुर, नीतिन कौशल और प्रीति चम्बियाल सहित पूर्व प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Topics: