Loading...

Himachal Government: 2 अक्तूबर से महिलाओं को 1,500 रुपये, पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Sep 2026 • 1 Min Read

Himachal Government: प्रदेश सरकार 2 अक्तूबर से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये दिए जाएंगे। इसी दिन चयनित 1.80 लाख परिवारों को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने की योजना भी लागू करने की तैयारी है। आठवें चरण के सत्यापन के बाद ग्रामीण विकास विभाग को 2.41 लाख आवेदन मिल चुके हैं।

शिमला

सुख सम्मान निधि योजना का नौवां चरण 20 सितंबर को पूरा होगा। इस चरण में करीब 10 हजार और आवेदन आने की संभावना जताई गई है, जिसके बाद कुल आवेदनों की संख्या लगभग ढाई लाख तक पहुंच सकती है। नौवें चरण के आवेदकों से संबंधित अधिसूचना एसडीएम 25 सितंबर को जारी करेंगे। निर्धारित आयु सीमा से अधिक उम्र की महिलाओं को प्रदेश सरकार पहले से पेंशन दे रही है।

सत्यापन के बाद खातों में आएगी राशि

ग्रामीण विकास विभाग ने पंचायत स्तर से मिले आंकड़ों के आधार पर लाभार्थी महिलाओं और परिवारों का डेटा तैयार किया है। सत्यापन पूरा होने के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1,500 रुपये जमा करेगा। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं तक बिना किसी बिचौलिए के सहायता राशि पहुंचाना है। इसे लागू करने के लिए संबंधित विभागों ने आवश्यक प्रक्रिया और तैयारियां तेज कर दी हैं।

1.80 लाख परिवार बिजली योजना के लिए चयनित

प्रदेश के 1.80 लाख परिवारों को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने के लिए चयनित किया जा चुका है। इस योजना से पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को मासिक बिजली बिल में राहत मिलने की बात कही गई है। पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि सुख सम्मान निधि के लिए नौवां चरण चल रहा है और आवेदन पूरे होने के बाद 1,500 रुपये की सहायता पाने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ सकती है।