Himachal Government: मंदिरों और गुरद्वारों के जीर्णोद्धार का काम लगातार जारी: मुकेश अग्निहोत्री
Himachal Government: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भदसाली स्थित श्री गुरु रविदास दास मंदिर में निशान साहेब स्थापना की रस्म में भाग लिया। मंदिर के सौंदर्यीकरण के तहत नवनिर्मित परिसर में निशान साहेब स्थापित किया गया है। परिसर के निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मंदिरों और गुरद्वारों के जीर्णोद्धार एवं विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन में भाग लिया और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर का सुंदर निर्माण किया गया है और यहां जल्द ही एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंदिर के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे परिसर की सुंदरता को और बढ़ाया जा सके।

शीतला माता मंदिर पर खर्च हो रहे पांच करोड़ रुपये
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि शीतला माता मंदिर के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिनमें से तीन करोड़ रुपये व्यय हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में मंदिरों के जीर्णोद्धार पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इन कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि भी मंजूर की गई है। सरकार धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और विकास के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।
मंदिर कमेटी के प्रधान मास्टर भगत राम ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कमेटी की ओर से अतिथियों को सिरोपा भेंट किया गया। कार्यक्रम में रणजीत सिंह राणा, संदीप अग्निहोत्री, जसपाल जस्सा, प्रमोद कुमार और विशाल शर्मा सहित मंदिर कमेटी के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।