Himachal Government: सात पंचायतों में बीपीएल पात्रता पर जनसंवाद, आवेदन अब 20 सितंबर तक
Himachal Government: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत ऊना विकास खंड की सात पंचायतों में विधायक विवेक शर्मा ने लोगों से सीधा संवाद कर बीपीएल पात्रता से जुड़ी जानकारी ली। कार्यक्रम में पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी गई है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
टक्का, नारी, चलोला, धमांदरी, नंगल सलांगड़ी, डठवाड़ा और झम्बर पंचायत में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार और प्रशासन लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और कल्याणकारी योजनाओं से अब तक वंचित रहे लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।
कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं के तहत बीपीएल परिवारों की महिलाओं को दो अक्तूबर से प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, सस्ता राशन और अन्य सुविधाएं देने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक विधि से उगाई गई गेहूं के लिए 80 रुपये, मक्की के लिए 50 रुपये और कच्ची हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।

विवेक शर्मा के अनुसार पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत करीब छह हजार निराश्रित बच्चों की पढ़ाई, रहने-खाने, देखभाल, रोजगार और घर जैसी जरूरतों में प्रदेश सरकार सहायता उपलब्ध करवा रही है।
कुटलैहड़ के विकास कार्यों का भी किया उल्लेख
विधायक ने बताया कि पिछले दो वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के प्रयास किए गए हैं। औद्योगिक विकास के लिए करीब 300 कनाल भूमि चिन्हित की गई है, जबकि बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 80 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल और सड़क क्षेत्र में भी विभिन्न कार्य जारी हैं। भविष्य में आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने की मांग उठाने और ऊना में आलू प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की बात भी कही गई।
पात्रता के आधार पर मिलेगा बीपीएल सूची में स्थान
कार्यक्रम में बीडीओ रमनवीर चौहान ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीपीएल सूची में उन्हीं परिवारों को शामिल किया जाएगा, जो सरकार की ओर से तय नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर तक बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि नौवें और अंतिम चरण में भी निर्धारित पात्रता के आधार पर परिवारों को बीपीएल सूची में स्थान दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कुटलैहड़ के अध्यक्ष विवेक मिंका, कांग्रेस कमेटी कुटलैहड़ के महासचिव रमेश चंद बंगा, विद्युत विभाग के एसई दर्शन सिंह तथा संबंधित पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में टक्का, नारी, चलोला, धमांदरी, नंगल सलांगड़ी, डठवाड़ा और झम्बर पंचायत के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।