SGFI नेशनल गेम्स में हिमाचल की दोहरी कामयाबी, बॉयज-गर्ल्स रग्बी टीमें क्वार्टर फाइनल में
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के नेशनल गेम्स में पहली बार भाग ले रही हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 बॉयज और गर्ल्स रग्बी टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में दोनों टीमों ने लीग मुकाबलों में प्रभावी प्रदर्शन किया। गर्ल्स टीम ने मणिपुर और असम को हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया, जबकि बॉयज टीम ने भी अपने प्रदर्शन के आधार पर क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
दिल्ली
हिमाचल की गर्ल्स रग्बी टीम ने लीग मुकाबलों में मणिपुर और असम के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। इन दोनों सफलताओं के साथ टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। बॉयज टीम के कप्तान आर्यन और गर्ल्स टीम की कप्तान स्नेहा सिरमौर ने प्रतियोगिता में अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व किया। दोनों टीमों की उपलब्धि को हिमाचल के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली बार भागीदारी की है।
कोच और संगठन ने खिलाड़ियों का किया मार्गदर्शन
टीमों के प्रदर्शन में कोच अनिल सोलंकीया, सुषमा रानी, राहुल चौधरी और सुनील सुधीर का मार्गदर्शन रहा। रग्बी संगठन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद, महासचिव डॉ. विशाल सरीन और संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सहयोग दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों टीमों को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
खेल विभाग और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
टीमों की सफलता पर खेल विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर संतोष चौहान, टेक्निकल मेंबर सुरेंद्र शर्मा, स्पोर्ट्स ऑफिस से राकेश, एमआर संख्यान, जिला सिरमौर एडीपीओ दीपिका गुरंग, धर्मेंद्र चौधरी, समाजसेवी पवन चौधरी, एनपीएस नारंग और सुखविंदर चौधरी ने खिलाड़ियों, कोचों और संगठन को बधाई दी। रग्बी संगठन और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखेंगी और प्रदेश के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगी।