Loading...

युवाओं को तंबाकू से दूर रखने के लिए ऊना में 26 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले में युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक जारी रहेगा। इसी के तहत सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचाना और उन्हें इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तंबाकू मुक्त समाज बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पिन्दर राना, डॉ. विशाल ठाकुर, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।