Himachal School Holidays: प्रदेश में भारी बारिश के चलते छुट्टियों में बदलाव
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से जमकर तबाही हुई है। हिमाचल प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपए का नुक्सान हो चुका है। इसके अलावा आम जनता की निजी संपत्ति को भी नुक्सान पहुंचा है। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने स्कूली बच्चों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानसून के दौरान होने वाली छुट्टियों के शेड्यूल में बदलाव किया है।
नए शेड्यूल के मुताबिक, कुल्लू जिला के स्कूलों में 10 जुलाई से एक अगस्त 23 दिन का मानसून ब्रेक रहेगा। आमतौर पर कुल्लू में 23 जुलाई से 14 अगस्त के बीच मानसून ब्रेक होती है। वहीं लाहौल स्पीति जिले में 10 जुलाई से 20 अगस्त तक 42 दिन का मानसून ब्रेक दिया गया है। अमूमन यहां 17 जुलाई से 27 जुलाई के बीच 11 दिन का मानसून ब्रेक होता है।
इसी तरह ट्राइबल एरिया किन्नौर, पांगी व भरमौर के स्कूलों में 10 जुलाई से 15 जुलाई तक 6 दिन सभी सरकारी व निजी स्कूल बंद रहेंगे। पूर्व तय शेड्यूल के अनुसार, इन ट्राइबल एरिया में 22 से 27 जुलाई के बीच मानसून ब्रेक होती है। विंटर क्लोजिंग स्कूलों में 10 से 15 जुलाई तक 6 दिन का मानसून ब्रेक रहेगा।
आमतौर पर विंटर क्लोजिंग स्कूलों में मानसून ब्रेक 22 से 27 जुलाई के बीच होती है। प्रदेश में इस निर्णय के बाद लगभग 18 सरकारी व निजी स्कूल अगले कुछ दिन बंद रहेंगे। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के निदेशक ने छुट्टियों के शेड्यूल में बदलाव करते हुए बताया कि अप्रत्याशित बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड के बाद हिमाचल प्रदेश में भारी नुक्सान हुआ है।
ऐसे में स्कूली बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। प्रदेश में बारिश के बाद पैदा हुए हालातों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।