Himachal Weather: प्रदेश में आठ जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी

Weather-can-change-again-in.jpg

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज झमाझम बारिश हो रही है। बारिश होने से लोगों ने गर्मी से भी काफी राहत ली है। इसके अलावा तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। ऊपरी क्षेत्रों में लोगों को अब गर्म कपड़ो का सहारा लेना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आज से आठ जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गर्जना के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। बीते दिनों हुई बारिश से प्रदेशभर में 33 सड़कें अभी बंद पड़ी हैं। वहीं लाहौल की चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से जरसथ व जोबरंग में किसानों के खेतों व बगीचों से नदी का पानी बह रहा है।

वहीं हरोली थाने के साथ लगती खड्ड में एक स्कॉर्पियो गाड़ी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। गाड़ी काफी दूर तक बहती चली गई। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गाड़ी के चालक ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। प्रशासन ने पर्यटकों व आम लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।