Loading...

Himachal Weather: प्रदेश में इतने मई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान…..

Ankita • 24 May 2023 • 1 Min Read

ऑरेंज अलर्ट के बीच अंधड़ ने मचाई तबाही, गाड़ियों के साथ फसलों को पहुंचा नुक्सान

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में बीती रात मौसम में काफी बदलाव पाया गया। प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज से बीते दो दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। वहीं हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार रात को कई क्षेत्रों में अंधड़ ने जमकर तबाही मचाई। ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

सिरमौर जिले में कई घरों की छतें उड़ गईं। कई जगह गाड़ियों पर पेड़ गिर गए। कुल्लू जिले में दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश हो रही है। जबकि लाहौल की ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे हैं। कई जगहों पर भूस्खलन होने से सड़कें बंद है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

27 मई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। खराब मौसम के चलते पैराग्लाइडिंग व रिवर राफ्टिंग को भी रोक दिया गया है। बिलासपुर जिले में अंधड़ से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। उपायुक्त कार्यालय के बाहर बिजली का खंभा गिरने से अधिकतर सरकारी कार्यालयों की बिजली गुल हो गई। बारिश और ओलावृष्टि से फलों और सब्जियों को नुक्सान पहुंचा है।