Himachal Weather: हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में जहां आज सुबह कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। तो वहीं दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। बर्फबारी होने से एक बार फिर लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा सहित अटल टनल, जलोड़ी दर्रा के साथ-साथ लाहौल-स्पीति के कुछ रिहायशी इलाकों में बर्फबारी हुई जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।
बता दे कि लाहौल-स्पीति और मनाली में अभी जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौटा, यहां 135 से अधिक सड़कें यातायात के लिए ठप थी। तो यहां एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। उधर, शिमला व अन्य भागों में भी मौसम सुबह से खराब बना हुआ है। मौसम विभाग केंद्र शिमला ने आज प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय के कई भागों में भारी बारिश व बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।
जबकि मध्य व मैदानी कुछ भागों में आज व कल अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। ऐसे में प्रशासन ने सैलानियों और आम लोगों को संवेदनशील इलाकों की ओर न जाने की हिदायत दी है।