हिमाचल में बारिश का कहर: 24 घंटे में हालात बिगड़े, 124 सड़कें बंद, 442 ट्रांसफार्मर और 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण सड़क, बिजली और पेयजल सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं। 10 जुलाई सुबह तक 124 सड़कें, 442 ट्रांसफार्मर और 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
शिमला
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रदेशभर में भूस्खलन और बारिश के चलते सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ा है। राज्य सरकार ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि 10 जुलाई सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 124 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 442 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि 19 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की शाम तक प्रदेश में 75 सड़कें, 67 डीटीआर और 14 पेयजल योजनाएं प्रभावित थीं, लेकिन लगातार बारिश के कारण महज कुछ घंटों में स्थिति और गंभीर हो गई। इससे साफ है कि प्रदेश में मानसून का असर लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन राहत एवं बहाली कार्यों में जुटा हुआ है।
नरेश चौहान ने कहा कि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए और नदी-नालों, खड्डों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करना चाहिए।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की।
