Loading...

एचपी पुलिस शूटिंग क्लब ने रचा नया कीर्तिमान, राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में जीते 32 पदक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Jul 2026 • 1 Min Read

31वीं राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में 32 पदक जीतकर किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, कई निशानेबाज प्री-नेशनल व नेशनल के लिए क्वालीफाई

नाहन

धौलाकुआं स्थित एचपी पुलिस शूटिंग क्लब ने 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा शिमला और कैथलीघाट (सोलन) में आयोजित प्रतियोगिता में क्लब ने अपने पिछले सभी प्रदर्शन पीछे छोड़ते हुए 12 स्वर्ण, 8 रजत और 12 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश के अग्रणी शूटिंग क्लबों में स्थान बनाया।

क्लब के निशानेबाज शिवम कपिल ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अलावा डीएसपी विजय कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन पाल, देवांश चौहान, हेड कांस्टेबल शुभम कुंडलास, भाव्या ठाकुर, मीनाक्षी शर्मा, राजेश जांगड़ा, इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, वरुण अत्री, सीटी राजेश कुमार, सूर्यांश कपूर, ओजस्वानी सिंह, किरण बाला, आर्यमान मेहरा, परी थापा, सुरेश कुमार, शौर्यवीर, ऋषभ सैनी तथा सीटी तेज सिंह ने विभिन्न राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं में पदक जीतकर क्लब का गौरव बढ़ाया।

क्लब के सचिव इंस्पेक्टर सुरेश चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निरंतर सहयोग और व्यवस्थित प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि क्लब का उद्देश्य केवल पदक विजेता खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि युवाओं को खेल, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना भी है, ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकें।

उन्होंने बताया कि क्लब के बड़ी संख्या में निशानेबाज प्री-नेशनल और नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। इनके लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर और उन्नत अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर भी हिमाचल प्रदेश पुलिस और प्रदेश का नाम रोशन किया जा सके।

क्लब के अध्यक्ष आईपीएस भगमल ठाकुर ने सभी पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण की सराहना की। वहीं क्लब के उपाध्यक्ष प्रवीण ठाकुर (एचपीएस) ने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना बनाए रखते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। क्लब ने हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Related Topics: