HP-SET / ऊना में शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई एचपी-सेट परीक्षा, 70 प्रतिशत रही उपस्थिति
HP-SET : जिला ऊना में रविवार को हिमाचल प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (एचपी-सेट)-2026 का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए जिले में आठ परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे, जहां कुल 2577 अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए आवंटित किया गया था। परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई तथा दोनों सत्रों में लगभग 70 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
प्रथम सत्र में कुल 1817 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 760 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय सत्र में 1781 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 796 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हुई।
आठ परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि परीक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय ऊना के दो केंद्रों सहित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना, एलजेएनएच राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द, एसएसआरवीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोअर कोटला, राजकीय आईटीआई ऊना तथा रॉकफोर्ड डे बोर्डिंग वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल रक्कड़ कॉलोनी में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे।
प्रशासनिक सहयोग से सफल रहा आयोजन
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से किए गए थे। जिला प्रशासन तथा परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।