HPSEB Smart Meter Bill : बिजली बोर्ड ने सोलन उपमंडल के सभी बकायादार उपभोक्ताओं को चेतावनी जारी की है। भुगतान न करने पर उनकी विद्युत आपूर्ति काटी जा सकती है, जबकि स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को अब केवल ऑनलाइन माध्यम से ही बिल मिलेगा।
सोलन
बकाया बिल वालों की कटेगी बिजली, नोटिस जारी
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने सोलन विद्युत उपमंडल नंबर 01 के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित बिजली बिलों का तुरंत भुगतान करें। विभाग द्वारा बकायेदारों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं और भुगतान न करने पर उनकी बिजली काटने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा प्रिंटेड बिल
जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें अब बिलिंग स्टाफ के माध्यम से प्रिंटेड बिल नहीं मिलेगा। ऐसे उपभोक्ताओं को अपना बिजली बिल केवल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से ही प्राप्त करना होगा।
HPSEB ऐप या अन्य डिजिटल माध्यमों से करें भुगतान
बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे HPSEB Bill Payment App, जी-पे, भीम एप, पेटीएम या बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने बिल की जानकारी लेकर भुगतान करें। HPSEB ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और इससे बिल डाउनलोड किया जा सकता है।
संपर्क के लिए कार्यालय और हेल्पलाइन उपलब्ध
अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता विद्युत बोर्ड के सर्कुलर रोड स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं या फिर कार्यालय नंबर 01792-223611 पर कॉल कर सकते हैं।

