एचआरटीसी बेड़े के आधुनिकीकरण में तेजी, 250 डीजल बसें खरीदने और 366 पुरानी बसें हटाने का फैसला
हिमाचल सड़क परिवहन निगम के बेड़े के आधुनिकीकरण के लिए 250 नई डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया तेज की जाएगी और 366 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से ऑफरोड किया जाएगा। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एचआरटीसी निदेशक मंडल की 164वीं बैठक में अधिकारियों को बस खरीद तथा इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार से जुड़ी प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
हिमाचल प्रदेश
उप-मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि एचआरटीसी के लिए प्रस्तावित 250 नई डीजल बसों की खरीद में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वाहन खरीद समिति की बैठक 15 दिनों के भीतर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि खरीद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में निगम के मौजूदा बस बेड़े की स्थिति और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों पर भी चर्चा की गई।
366 पुरानी बसें चरणबद्ध तरीके से होंगी ऑफरोड
एचआरटीसी निदेशक मंडल ने निगम की 366 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से ऑफरोड करने का निर्णय लिया है। इनमें जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के अंतर्गत संचालित 12 मीटर लंबी बसें भी शामिल हैं। इन पुरानी बसों को हटाने के साथ उनके स्थान पर नई इलेक्ट्रिक बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
350 किलोमीटर से अधिक बैटरी क्षमता पर जोर
उप-मुख्यमंत्री ने तकनीकी समिति को प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बसों के प्रोटोटाइप को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों की बैटरी क्षमता 350 किलोमीटर से अधिक होनी चाहिए, जिससे उनका संचालन लंबे रूटों पर भी किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार के माध्यम से स्वच्छ तथा बेहतर परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।