Loading...

HRTC / अब हिम बस प्लस कार्ड पर ही मिलेगी किराये में छूट, यात्रियों को मिलेगा कैशबैक का लाभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Hours Ago • 1 Min Read

एचआरटीसी ने यात्रियों के लिए नई सुविधा के रूप में हिम बस प्लस कार्ड शुरू कर दिया है। इस कार्ड के लागू होने के बाद यात्रियों को बस किराये में छूट के साथ कैशबैक का लाभ भी मिलेगा। निगम ने इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेज दी है। भविष्य में ग्रीन, सम्मान और स्मार्ट कार्ड की सुविधाओं को भी इसी कार्ड में शामिल किया जाएगा।

शिमला

हिम बस प्लस कार्ड पर मिलेगी किराये में छूट

एचआरटीसी के अनुसार हिम बस प्लस कार्ड धारकों को बस किराये में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को इस कार्ड के माध्यम से 15 प्रतिशत तक की रियायत दी जाएगी। निगम का उद्देश्य अलग-अलग कार्डों की व्यवस्था समाप्त कर सभी सुविधाओं को एक ही कार्ड के माध्यम से उपलब्ध कराना है।

यात्रा के साथ मिलेगा कैशबैक

इस कार्ड के माध्यम से यात्रियों को दोहरे लाभ की सुविधा मिलेगी। किराये में छूट के अलावा यदि कोई यात्री एक वर्ष के भीतर 10,000 किलोमीटर की यात्रा पूरी करता है तो उसे 1,500 रुपये तक का कैशबैक मिलेगा। वहीं 10,000 किलोमीटर से अधिक यात्रा करने पर 2,000 रुपये तक का कैशबैक दिया जाएगा।

365 रुपये में बनेगा कार्ड

हिम बस प्लस कार्ड एक वर्ष के लिए वैध होगा और इसे 365 रुपये शुल्क देकर बनवाया जा सकेगा। परिवहन निगम ने इसके संचालन के लिए एसओपी तैयार कर ली है, जिसे अंतिम मंजूरी के लिए राज्य सरकार के पास भेजा गया है।

ऑनलाइन आवेदन और लग्जरी बसों में भी मान्य

यह कार्ड पूरी तरह ऑनलाइन बनाया जा सकेगा। यात्री अपने मोबाइल फोन, लोक मित्र केंद्र या सुगम केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। कार्ड डाक के जरिए घर पर मंगवाया जा सकेगा या बस अड्डों से भी प्राप्त किया जा सकेगा। यह कार्ड लग्जरी बसों में भी मान्य होगा और डिजिटल वॉलेट की तरह कार्य करेगा, जिससे रिचार्ज के बाद किराये का भुगतान भी किया जा सकेगा।

Related Topics: