Loading...

HRTC / प्रदेशभर में अस्थायी चालकों की भर्ती शुरू, 24 जून को होगा ड्राइविंग टेस्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

HRTC : हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बस सेवाओं के संचालन के लिए अस्थायी चालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम ने पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं और चयन प्रक्रिया के तहत वॉक-इन इंटरव्यू तथा ड्राइविंग टेस्ट 24 जून को आयोजित किया जाएगा।

शिमला

चआरटीसी ने जारी किया भर्ती विज्ञापन

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने प्रदेशभर में बस सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए अस्थायी चालकों (एचटीवी) की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। निगम द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न डिपुओं और यूनिटों में दैनिक आधार पर तैनात किया जाएगा। यह भर्ती व्यवस्था अस्थायी प्रकृति की होगी और संबंधित यूनिटों में चालक उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

विभिन्न यूनिटों में निर्धारित किए गए पद

निगम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार रामपुर, रोहड़ू, शिमला ग्रामीण, शिमला लोकल, करसोग, तारादेवी, नेरवा, सोलन, नाहन, मंडी, कुल्लू, केलांग, सुंदरनगर, चंबा, पालमपुर, बैजनाथ, हमीरपुर, देहरा और बिलासपुर यूनिटों में 25-25 पद निर्धारित किए गए हैं। ऊना, नगरोटा, सरकाघाट और धर्मपुर यूनिटों के लिए 20-20 पदों पर साक्षात्कार होंगे। रिकांगपिओ और नालागढ़ में 15-15, तारादेवी में 13, जोगिंदर नगर में 12 तथा परवाणु, पठानकोट और संसारपुर यूनिटों में निर्धारित पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार पदों की संख्या में परिवर्तन किया जा सकता है।

भर्ती के लिए निर्धारित योग्यता

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ एचटीवी या एचएमवी ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए और भारी वाहन चलाने का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थी के विरुद्ध कोई गंभीर यातायात या आपराधिक मामला दर्ज नहीं होना चाहिए। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में केवल वही उम्मीदवार शामिल होंगे, जो निर्धारित शैक्षणिक, तकनीकी और आचरण संबंधी शर्तों को पूरा करते हों।

प्रतिदिन 1500 रुपये मानदेय

एचआरटीसी के अनुसार चयनित चालकों को 1500 रुपये प्रतिदिन का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और इससे नियमित नियुक्ति, वरिष्ठता, समायोजन या सेवा निरंतरता का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। निगम ने यह भी कहा है कि आवश्यकता के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने, पदों की संख्या में बदलाव करने या प्रक्रिया को संशोधित करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

24 जून को होगा ड्राइविंग टेस्ट

वॉक-इन इंटरव्यू और ड्राइविंग टेस्ट 24 जून 2026 को आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) कार्यालय में दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा। उम्मीदवारों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और सभी दस्तावेजों की स्वयं सत्यापित प्रतियां लानी होंगी। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रक्रिया में शामिल किए जाने की संभावना नहीं होगी।

आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे

निगम की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को यह घोषणा भी देनी होगी कि उनके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और उन्हें किसी आपराधिक मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सभी दस्तावेजों का सत्यापन आवश्यक होगा। एचआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को ही आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

Related Topics: